वाराणसी : राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े आरोपों को लेकर आप का प्रदर्शन, भिक्षाटन कर जताया विरोध, 420 का चेक चंपत राय को भेजा

आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर वाराणसी में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बेनियाबाग से गोदौलिया क्षेत्र तक भिक्षाटन कर चंपत राय को 420 रुपये का चेक भेजा। मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।
 

वाराणसी। आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर वाराणसी में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बेनियाबाग से गोदौलिया क्षेत्र तक भिक्षाटन कर चंपत राय को 420 रुपये का चेक भेजा। मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।

कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरे और तख्तियां लेकर विरोध जताया। साथ ही प्रतीकात्मक रूप से 420 रुपये का चेक तैयार कर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को भेजने की घोषणा की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न नारे लगाते हुए कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की।

प्रदेश प्रवक्ता मनीष गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं ने योगदान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण और उससे संबंधित भूमि खरीद-फरोख्त के मामलों में वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह द्वारा हाल के दिनों में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कुछ भूमि क्रय-विक्रय मामलों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ जमीनों की खरीद बाजार मूल्य से अधिक कीमत पर किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। पार्टी का कहना है कि यदि इन आरोपों में तथ्य हैं तो संबंधित मामलों की गहन जांच कराई जानी चाहिए।

आप नेताओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जांच के दायरे में सभी संबंधित पक्षों को शामिल किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की शंका का समाधान हो सके और जनता का विश्वास बना रहे।

प्रदर्शन में जिला मीडिया प्रभारी घनश्याम पांडेय, महिला विंग महासचिव रेखा जायसवाल, अब्दुल्ला खान, शारदा टंडन, सरोज शर्मा, मोहम्मद आकिब खान, गुलाब सिंह राठौर, नेयाज अहमद, विवेक गुप्ता, ओम कुमार, नीतू कनौजिया, इमरान खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।