वाराणसी : भाई की शादी का कार्ड बांटने निकला युवक की बाइक नहर में गिरी, मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां

चौबेपुर थाना क्षेत्र के पंडापुर गांव के समीप शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने छोटे भाई की शादी का निमंत्रण पत्र बांटने जा रहा था, तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
 

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के पंडापुर गांव के समीप शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने छोटे भाई की शादी का निमंत्रण पत्र बांटने जा रहा था, तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

हरिहरपुर धौरहरा निवासी अनिल राजभर पेशे से बाइक मिस्त्री था। परिवार के अनुसार अनिल के छोटे भाई सुनील राजभर की शादी 22 जून को निर्धारित थी। शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए अनिल अपनी बहन पूजा के घर पंडापुर जा रहा था। पिछले वर्ष ही उसकी शादी हुई थी। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।

बताया जाता है कि पंडापुर गांव के पास पहुंचने पर अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित सूखी नहर में जा गिरी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

युवक की असमय मौत से शादी की तैयारियों में जुटा परिवार गहरे सदमे में है। मृतक की पत्नी नेहा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार वह बार-बार बेहोश हो जा रही है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर सूखी नहर में गिरने से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर रही है।