वाराणसी : मिठाई खरीदने गए कारोबारी की कार से पांच लाख लेकर फरार हो गया टप्पेबाज, लंका क्षेत्र में दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नरिया इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े टप्पेबाजी की बड़ी वारदात सामने आई। जमीन की रजिस्ट्री कराने नोएडा से वाराणसी आए एक कारोबारी की कार से अज्ञात बदमाश करीब पांच लाख रुपये नकद से भरे दो बैग लेकर फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में अंजाम दी गई। सूचना मिलने पर लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, नोएडा के सेक्टर-45, नोएडा निवासी घनश्याम तिवारी वाराणसी में एक परिचित महिला के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराने आए थे। कचहरी में सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह अपनी रिश्तेदार महिला के साथ कार से सामनेघाट की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान नरिया स्थित बनारस स्वीट हाउस के पास उन्होंने मिठाई खरीदने के लिए कार रोकी।
बताया गया कि घनश्याम तिवारी मिठाई लेने दुकान के अंदर चले गए, जबकि उनकी रिश्तेदार महिला कार में बैठी रहीं। इसी बीच एक अज्ञात युवक कार के पास पहुंचा और महिला से कहा कि उनके रिश्तेदार उन्हें दुकान के अंदर बुला रहे हैं। युवक की बात पर विश्वास कर महिला जल्दबाजी में कार से उतरकर दुकान की ओर चली गईं। इस दौरान कार का दरवाजा लॉक नहीं किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, महिला के कार से हटते ही पहले से मौके की तलाश में मौजूद टप्पेबाज ने कार का दरवाजा खोला और अंदर रखे नकदी से भरे दोनों बैग उठाकर कुछ ही क्षणों में फरार हो गया। जब घनश्याम तिवारी मिठाई लेकर वापस लौटे तो कार में रखे दोनों बैग गायब मिले। बैगों में करीब पांच लाख रुपये नकद रखे थे। घटना का पता चलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने देर रात पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके।
थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाश पहले से ही पीड़ित की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं घटना में किसी स्थानीय व्यक्ति या रेकी करने वाले गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है।