वाराणसी : गलत दिशा से जा रही तेज रफ्तार बस ने बाइक में मारी टक्कर, मासूम की मौत, माता-पिता और बहन घायल, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र में वाराणसी-भदोही मार्ग पर तेज रफ्तार निजी यात्री बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर वाराणसी-भदोही मार्ग पर जाम लगा दिया।
पुलिस के अनुसार, गोपालपुर इसरवार गांव निवासी देवराज पाल (30) अपनी पत्नी सरिता (28), सात वर्षीय बेटी अंकिता और पांच वर्षीय बेटे अंश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। ककरहवा बाजार तिराहे के पास भदोही से वाराणसी की ओर से आ रही एक निजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान मासूम अंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा बस चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।