वाराणसी : नरोत्तमपुर से रमना तक बनेगी नई सड़क, 11 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र के नरोत्तमपुर से रमना तक जर्जर हो चुकी सड़क के दिन अब बदलने वाले हैं। वर्षों से खराब सड़क के कारण परेशान ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने जा रही है। इस सड़क के निर्माण के लिए 11 करोड़ 8 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और मई माह से कार्य शुरू होने की संभावना है।
यह सड़क लंबे समय से खराब हालत में थी, जिससे स्थानीय लोगों और किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को उठाया और अंततः रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल के प्रयासों से इस परियोजना को मंजूरी मिली। उन्होंने इस सड़क के पुनर्निर्माण की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाई थी, जिसके बाद इसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी गई।
सड़क निर्माण के तहत इसकी चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी। पहले यह सड़क 3.75 मीटर चौड़ी थी, जिसे अब बढ़ाकर 5.5 मीटर किया जाएगा। साथ ही सड़क को अधिक मजबूत और टिकाऊ बनाया जाएगा, ताकि भारी वाहनों के आवागमन से इसे नुकसान न पहुंचे। इस मार्ग पर अक्सर बड़े और ओवरलोडेड ट्रकों के चलने के कारण सड़क जल्दी खराब हो जाती थी।
परियोजना में 1500 मीटर लंबा ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार कुछ हिस्सों में सीसी रोड का निर्माण भी किया जाएगा। सड़क निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा और इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों रमना, बनपुरवा, नरोटमपुर, टिकरी और तारापुर को जोड़ती है। गंगा किनारे सब्जी उत्पादन अधिक होने के कारण व्यापारी ट्रकों के माध्यम से यहां से माल ढुलाई करते हैं, लेकिन खराब सड़क के चलते उन्हें काफी परेशानी होती थी।