वाराणसी : कचनार बाजार के गुप्ता कटरा में लगी भीषण आग, दो दुकानें जलकर खाक, मची रही अफरातफरी

राजातलाब क्षेत्र के कचनार बाजार स्थित गुप्ता कटरा में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कटरे की दो दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
 

वाराणसी। राजातलाब क्षेत्र के कचनार बाजार स्थित गुप्ता कटरा में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कटरे की दो दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

गुप्ता कटरा एक पांच मंजिला इमारत है, जिसमें निचली दो मंजिलों पर दुकानें संचालित होती हैं, जबकि ऊपरी तीन मंजिलों पर आवासीय कमरे बने हुए हैं। इन कमरों में लगभग एक दर्जन परिवार निवास करते हैं। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी और आसपास के लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक प्रभावित दुकानों में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के क्षेत्रों में भी धुएं का गुबार फैल गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

कटरे के भीतर गोदाम संचालित करने वाले दुकानदार संदीप केसरी ने बताया कि उनके गोदाम में पेय पदार्थ जैसे कोल्ड ड्रिंक्स पेप्सी, थम्सअप और स्प्राइट समेत अन्य सामान रखा हुआ था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके अलावा एक कपड़े की दुकान भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोमती जोन के एडीसीपी नृपेंद्र मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इस दौरान एसीपी राजातलाब अजय कुमार श्रीवास्तव सहित कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही और हालात को नियंत्रित करने में जुटी रही। वहीं स्थानीय विधायक प्रतिनिधि अदिति सिंह पटेल भी मौके पर पहुंचीं और प्रभावित व्यापारियों व परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।