वाराणसी : डिलीवरी ऑटो से गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए बाइक सवार युवक, जांच में जुटी पुलिस 

रोहनिया थाना क्षेत्र के दरेखू गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े गैस सिलेंडर चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहुल गैस एजेंसी के डिलीवरी वाहन से एक भरा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर चोरी हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
 

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के दरेखू गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े गैस सिलेंडर चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहुल गैस एजेंसी के डिलीवरी वाहन से एक भरा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर चोरी हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

राहुल गैस एजेंसी का कर्मचारी संदीप कुमार गैस सिलेंडरों की डिलीवरी करने के लिए दरेखू गांव पहुंचा था। हनुमान मंदिर के पास उसने अपना ऑटो खड़ा किया और एक ग्राहक को सिलेंडर देने के लिए चला गया। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने वाहन पर लदे सिलेंडरों में से एक भरा हुआ गैस सिलेंडर पार कर दिया।

कुछ देर बाद जब संदीप वापस अपने ऑटो के पास लौटा तो उसने देखा कि सिलेंडरों की संख्या कम है। जांच करने पर पता चला कि एक गैस सिलेंडर गायब है। इसके बाद उसने आसपास के लोगों से पूछताछ की और काफी खोजबीन की, लेकिन सिलेंडर का कोई पता नहीं चल सका।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय बाइक पर सवार दो युवक वहां से गैस सिलेंडर लेकर जाते हुए दिखाई दिए थे। हालांकि उनकी पहचान नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना के आधार पर पुलिस संदिग्ध युवकों की तलाश में जुट गई है।

संदीप कुमार ने गैस एजेंसी संचालक को अवगत कराया और रोहनिया थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।