वाराणसी : दोस्त को गोली मारकर खुद को बचाने के लिए दर्ज कराया झूठा मुकदमा, पुलिस की जांच में सामने आई सच्चाई, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। दोस्त को गोली मारने के बाद खुद को बचाने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज कराने वाले आरोपी को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने ही अपने दोस्त आदर्श गुप्ता को गोली मारी थी और बाद में खुद को बचाने के लिए दूसरे पक्ष के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज करा दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल .32 बोर का रिवाल्वर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, सात नवंबर को लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में हिमांशु सिंह निवासी ललौली, फतेहपुर ने अपने दोस्त आदर्श गुप्ता को गोली लगने की सूचना दी थी। गोली लगने से आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद हिमांशु ने दूसरे पक्ष के लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को घटनाक्रम को लेकर संदेह हुआ। जांच में पता चला कि हिमांशु सिंह ने ही अपने दोस्त आदर्श गुप्ता को गोली मारी थी। इसके बाद उसने खुद को बचाने के लिए दूसरे पक्ष के खिलाफ झूठी कहानी गढ़कर मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने रविवार को लालपुर चौराहे के पास से हिमांशु सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .32 बोर का एक रिवाल्वर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से आजमगढ़ के देवगांव थाना क्षेत्र के नवरसिया लालगंज का निवासी है और वर्तमान में मढ़वा लमही में रहता है। उसके खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर और शिवपुर थाने में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं।