वाराणसी : मकान की तीसरी मंजिल में लगी आग, घर में रखा सामान जलकर खाक, फायरब्रिगेड के देरी से पहुंचने से आक्रोश
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी फेस-1 में रविवार को एक मकान की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
मकान मालिक अभिषेक सिंह ने बताया कि आग लगते ही तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ी करीब एक घंटा 50 मिनट बाद मौके पर पहुंची। इस दौरान आग लगातार फैलती रही और घर में रखा करीब 6 से 7 लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
अभिषेक सिंह और उनकी बहन का कहना है कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो नुकसान काफी कम हो सकता था। उनका आरोप है कि आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड के नंबर पर कई बार कॉल किया गया, लेकिन काफी देर तक फोन रिसीव नहीं किया गया। इससे स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली।
सूचना मिलने के बाद पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। संबंधित विभाग द्वारा आग के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि लापरवाही सामने आए तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में समय पर राहत न मिलना गंभीर चिंता का विषय है और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।