वाराणसी : खेत के चारों तरफ लगे कटीले तार में उतरा करेंट, किसान की मौत, एक साल पहले भी हुआ था हादसा

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर (बरमापुर) गांव में गुरुवार रात खेत में लगी लोहे की फेंसिंग (कटीले तार) में करेंट उतरने से किसान बबलू बिंद (40) की मौत हो गई। वह खेत में सब्जियों की सिंचाई कर रहे थे। आरोप है कि नीलगायों से फसल बचाने के लिए गांव के ही विष्णु ने अपने खेत की फेंसिंग में सीधे बिजली का कनेक्शन जोड़ रखा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर (बरमापुर) गांव में गुरुवार रात खेत में लगी लोहे की फेंसिंग (कटीले तार) में करेंट उतरने से किसान बबलू बिंद (40) की मौत हो गई। वह खेत में सब्जियों की सिंचाई कर रहे थे। आरोप है कि नीलगायों से फसल बचाने के लिए गांव के ही विष्णु ने अपने खेत की फेंसिंग में सीधे बिजली का कनेक्शन जोड़ रखा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बबलू बिंद गुरुवार रात अपने खेत में सब्जियों की सिंचाई करने गए थे। वह खेत में पानी भर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह करेंट प्रवाहित लोहे की फेंसिंग की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह तार में चिपक गए और उनकी हालत गंभीर हो गई। काफी देर तक बबलू के घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में खेत की ओर पहुंचे। वहां उन्हें फेंसिंग से चिपका देख परिवार के लोगों के होश उड़ गए। ग्रामीणों की मदद से बिजली की आपूर्ति बंद कराई गई और किसान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पहले भी हो चुका था हादसा
ग्रामीणों का आरोप है कि खेत की फेंसिंग में सीधे बिजली का कनेक्शन जोड़ने की शिकायत पहले भी की गई थी। करीब एक साल पहले गांव के किसान संतोष भी इसकी चपेट में आकर झुलस गए थे। उस समय उनकी जान बच गई थी। इसके बावजूद कथित तौर पर व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि फेंसिंग में करंट प्रवाहित होने से लोगों की जान को खतरा बना हुआ था।

किसान की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बबलू खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। परिवार की आजीविका का सहारा छिनने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।