वाराणसी : भाभी की बहन से शादी की जिद में देवर बना हैवान, कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर उतारा मौत के घाट

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के लच्छापुर गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी ही भाभी की कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद ही 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और मौके पर बैठा रहा, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के लच्छापुर गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी ही भाभी की कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद ही 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और मौके पर बैठा रहा, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

घर के बाहर बैठी थी महिला, तभी देवर ने किया हमला
जानकारी के अनुसार लच्छापुर गांव निवासी सुजीत पटेल की पत्नी पूनम पटेल (30) सुबह खाना बनाने के बाद घर के बाहर बैठी थीं। तभी उनका देवर कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और बिना कुछ कहे सीधे उनके गर्दन पर वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि महिला जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी ने क्रूरता की हद पार करते हुए महिला के पैर पर भी हमला कर दिया।

हत्या के बाद खुद दी पुलिस को सूचना
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने आसपास के लोगों को बुलाया और फिर खुद ही पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे, जहां आरोपी युवक शव के पास कुल्हाड़ी लेकर बैठा मिला। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।

भाभी की बहन से शादी की जिद बना हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक अपनी भाभी पूनम की बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला और उसके परिवार वाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। करीब एक माह पहले पूनम की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी का शांति भंग में चालान भी किया था।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के समय मृतका का पति सुजीत वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक कार्य में व्यस्त था, जबकि सास और ससुर खेत में थे। महिला का चार वर्षीय पुत्र हर्ष स्कूल गया हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर जब पति और बच्चा घर पहुंचे तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मासूम बच्चा मां की मौत से अनजान भीड़ को देखता रह गया, जबकि पति दहाड़ मारकर रोता रहा।

गांव में मची सनसनी, भारी भीड़ जुटी
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।