वाराणसी : लहरतारा में 75 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, बिहार के दो युवक गिरफ्तार
वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लहरतारा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे यू-टर्न के पास से बिहार निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की करीब 75 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में सिगरा पुलिस ने 18 सितंबर को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
213 पाउच और बोतलें बरामद
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चंदन कुमार (19), पुत्र दीनेश चौधरी, निवासी बैरी चक, थाना मसौरी, पटना, बिहार और राहुल कुमार (19), पुत्र महेंद्र राम, निवासी बाढ़ पोतमा, थाना बाढ़, पटना, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 150 पाउच आठ पीएम अंग्रेजी शराब, प्रत्येक 180 मिलीलीटर, 43 बोतल रॉयल स्टैग, प्रत्येक 750 मिलीलीटर और 20 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड, प्रत्येक 750 मिलीलीटर बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 75 लीटर है।
आबकारी अधिनियम में कार्रवाई
मामले में थाना सिगरा में मुकदमा संख्या 0402/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक पार्थ तिवारी, कांस्टेबल राहुल सिंह और कांस्टेबल संग्राम शामिल रहे।