वाराणसी : रोजगार मेले में 68 युवाओं को मिला रोजगार, चयनित अभ्यर्थियों के खिले चेहरे

प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा मंगलवार को चौकाघाट स्थित कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों ने प्रतिभाग करते हुए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया, जिसमें 68 युवाओं को जॉब ऑफर प्राप्त हुए। चयन की सूचना मिलते ही अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
 

वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा मंगलवार को चौकाघाट स्थित कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों ने प्रतिभाग करते हुए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया, जिसमें 68 युवाओं को जॉब ऑफर प्राप्त हुए। चयन की सूचना मिलते ही अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

रोजगार मेले में 292 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर चयन किया। मेले में हिंडाल्को (सोनभद्र), टाटा स्ट्राइव (Tata Strive), ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक सहित कुल छह कंपनियों ने भाग लेते हुए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। इस अवसर पर सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी कंपनी में चयन होना करियर की शुरुआत है। उन्होंने युवाओं से अपने कार्य के प्रति ईमानदारी, अनुशासन और मेहनत के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि समर्पण और लगन से ही भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।

रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने अभ्यर्थियों को तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी और तकनीकी युग में युवाओं को निरंतर अपने कौशल का विकास करना चाहिए तथा जिस संस्था में कार्य करें, उसके प्रति कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार रहें।