वाराणसी : ATM में प्लेट लगाकर पैसे चोरी करने वाले 6 शातिर जालसाज गिरफ्तार, नकदी, लोहे की प्लेट बरामद
वाराणसी। लोहे की प्लेट लगाकर एटीएम से फ्रॉड कर पैसे निकालने वाले 6 शातिर जालसाजों को भेलूपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 39800 रुपये नकद, 4 लोहे की प्लेटे, 1 सफेद टेप, एक काले रंग का मोटा कागज बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
एडीसीपी वैभव बांगड़ ने बताया कि भेलूपुर पुलिस को सूचना मिल रही थी कि एटीएम से पैसे निकाले जा रहे हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए जालसाजों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें फतेहपुर निवासी हिमांशु सिंह, आदर्श कुमार, सचिन कुमार, अभय राजपूत, राजकुमार और प्रिंस कुमार शामिल हैं। सभी को बीएचयू कॉलोनी बैजनत्था बिरदोपुर से गिरफ्तार किया गया है।
एडीसीपी ने बताया कि साइबर जालसाज खाली एटीएम में घुस जाते थे और पैसा निकलने वाले स्थान पर धातु की प्लेट लगा देते थे। जब कोई उपभोक्ता आता था तो उसका पैसा फंस जाता था। उसके जाने के बाद आरोपी एटीएम में घुसकर प्लेट हटाकर ऊपर आया हुआ पैसा लेकर फरार हो जाते थे। उन्होंने बताया कि गिरोह ने फतेहपुर और वाराणसी में एटीएम से फ्रॉड की घटनाओं को अंजाम दिया है।
उन्होंने बताया कि गिरोह का मास्टर माइंड बृज कुमार है। गिरोह ने फतेहपुर के साथ ही वाराणसी के वरूणा और काशी जोन में इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। गिरोह अब तक लगभग एक दर्जन घटनाओं को अंजाम देते हुए 15 लाख रुपये की चोरी की है। गिरोह के सदस्य अपना पता लगातार बदलते रहते थे। लगभग एक सप्ताह में एक स्थान से दूसरे स्थान पर चले जाते थे। कभी लंका तो कभी भेलूपुर में रहे। गिरोह के सारे लिंक खंगाले जा रहे हैं। वहीं इनके बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।