वाराणसी : सीट के विवाद को लेकर ट्रेन पर की थी पत्थरबाजी, जीआरपी ने 6 को पकड़ा, 4 को भेजा जेल 

वाराणसी-प्रयागराज रेलखंड पर मेमो ट्रेन में पत्थरबाजी करने के मामले में जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर जांच करते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने छह आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें चार बालिग और दो नाबालिग शामिल हैं। बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
 

वाराणसी। वाराणसी-प्रयागराज रेलखंड पर मेमो ट्रेन में पत्थरबाजी करने के मामले में जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर जांच करते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने छह आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें चार बालिग और दो नाबालिग शामिल हैं। बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

जीआरपी सीओ कुंवर प्रभात सिंह के अनुसार, 28 अगस्त को वाराणसी से प्रयागराज जा रही मेमो ट्रेन पर भदोही जिले के अहिरमनपुर हॉल्ट के पास कुछ युवकों ने पत्थरबाजी की थी। घटना के दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों से युवकों का विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने ट्रेन को निशाना बनाते हुए पत्थर फेंके। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षाबल के संज्ञान में आया। 

वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने उसे जांच का आधार बनाया। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई और संभावित आरोपियों को चिन्हित किया गया। जांच के दौरान टीम को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद दबिश देकर छह युवकों को पकड़ लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। चार आरोपियों की उम्र बालिग होने की पुष्टि होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं, दो आरोपियों के नाबालिग पाए जाने पर उनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए बाल सुधार गृह भेजा गया।