वाराणसी : 500 किसानों को विदेशों में उन्नत कृषि तकनीकों का मिलेगा प्रशिक्षण, चिरईगांव में 58 किसानों को चना, मटर और सरसों के निशुल्क मिनी किट वितरित
वाराणसी। कृषि क्षेत्र को आधुनिक और अधिक उत्पादक बनाने के साथ किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से विश्व बैंक पोषित यूपी एग्रीज (UPAGREES) परियोजना के तहत वाराणसी, पूर्वांचल और बुंदेलखंड के 500 किसानों को कृषि क्षेत्र में अग्रणी देशों के भ्रमण पर ले जाया जाएगा। वहां किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और आधुनिक खेती की पद्धतियों का अध्ययन कराने के साथ आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने मंगलवार को चिरईगांव विकास खंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में यह जानकारी दी।
कार्यक्रम में दलहन और तिलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों को चना, मटर और सरसों के निशुल्क मिनी किट वितरित किए गए। मुख्य अतिथि मंत्री अनिल राजभर ने श्याम सुंदर मिश्रा, रमाकांत पटेल, राम उग्रह प्रसाद, विंध्यवासिनी पटेल, राम प्रसाद, नागेंद्र सिंह और सुरेंद्र पांडेय समेत कुल 58 किसानों को बीज मिनी किट प्रदान किए।
आधुनिक खेती के लिए मिलेगा प्रशिक्षण
मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि यूपी एग्रीज परियोजना का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को आधुनिक, उत्पादक और प्रतिस्पर्धी बनाना है। इसके माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में निवेश के अवसरों को प्रोत्साहित किया जाएगा। चयनित 500 किसानों को कृषि क्षेत्र में अग्रणी देशों में भ्रमण कराकर वहां अपनाई जा रही नवीन तकनीकों से परिचित कराया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद किसान इन तकनीकों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप खेती में अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
उन्नत बीज और संतुलित उर्वरक प्रयोग पर जोर
उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने किसानों को मिनी किट में उपलब्ध उन्नत बीजों के उपयोग, समय से बुवाई, संतुलित उर्वरक प्रयोग और फसल प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने तिलहनी फसलों में एनपीएस उर्वरक के प्रयोग को प्रोत्साहित करते हुए सरसों की गुणवत्ता और बेहतर उपज के लिए वैज्ञानिक पद्धतियां अपनाने पर जोर दिया।
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसान राजकीय बीज गोदाम से संपर्क कर पोस मशीन पर अंगूठा लगाकर निशुल्क मिनी किट प्राप्त करें और खेत की तैयारी कर समय से बुवाई करें। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिया सैनी सहित कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।