वाराणसी : गंगा में नाव पर मीट बनाने के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस 

मान मंदिर घाट के समीप गंगा में खड़ी नाव पर मीट बनाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। हालांकि, वीडियो पहले का बताया जा रहा है। 
 

वाराणसी। मान मंदिर घाट के समीप गंगा में खड़ी नाव पर मीट बनाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। हालांकि, वीडियो पहले का बताया जा रहा है। 

दशाश्वमेध थाना पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो की जांच के दौरान नाव पर मीट बनाने की घटना में शामिल पांच व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रामनगर के सूजाबाद निवासी दीपक कुमार, अजय साहनी, राहुल साहनी, डोमरी निवासी अरूण कुमार साहनी व अनुराग निषाद शामिल हैं। 

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गतिविधियों से धार्मिक भावनाएं आहत होने और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

इससे पहले भी गंगा में इफ्तार पार्टी के दौरान नानवेज खाने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने 14 युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गंगा और घाटों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।