वाराणसी : डायट परिसर में बनेगा 400 सीट क्षमता वाला ऑडिटोरियम, रहेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
केंद्र सरकार के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रोजेक्ट के तहत होगा निर्माण
शिक्षकों को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण मिलेगा
डायट में 8.73 करोड़ की लागत से बन रहा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
वाराणसी। सारनाथ स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत 400 सीटों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा, जिससे शिक्षक प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी।
डायट प्राचार्य उमेश शुक्ला ने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आधुनिक तकनीक से लैस प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां शिक्षकों के लिए आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण के साथ-साथ डिजिटल टीचिंग-लर्निंग सामग्री (टीएलएम) और डिजिटल कंटेंट भी स्थानीय स्तर पर तैयार किया जा सकेगा।
परियोजना के तहत तीन नए क्लासरूम, एक रिसर्च सेंटर, फैकल्टी रूम, एक लाइब्रेरी, एक सेमिनार हॉल तथा डायट-2 के लिए नवीन आवासीय भवन का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा 50 छात्राओं की क्षमता वाला छात्रावास, 100 वाहनों की पार्किंग, 200 मीटर लंबी सड़क सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विकास होगा।
डायट परिसर में बनने वाला 400 सीटों का ऑडिटोरियम आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जहां बड़े स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, सेमिनार और शैक्षणिक आयोजन किए जा सकेंगे। डायट प्राचार्य ने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से बजट स्वीकृत हो चुका है और निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। परियोजना पर 8.73 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।