वाराणसी : अवैध पार्किंग और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्ती, 265 वाहनों का चालान, दो सीज, मचा हड़कंप
वाराणसी। गोमती ज़ोन में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध पार्किंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र के निर्देशन में यह अभियान लगातार जारी है, जिसके तहत 23 अप्रैल को सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 265 वाहनों का चालान किया गया। सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। दो वाहन सीज किए गए।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और अन्य प्रमुख सड़कों पर विशेष ध्यान दिया गया। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात बाधाओं को समाप्त करने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही गलत लेन में चल रहे भारी वाहनों, जैसे ट्रक और ट्रेलर, के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई, ताकि सड़क हादसों की संभावना को कम किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ तत्काल चालान या वाहन सीज करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क किनारे अवैध पार्किंग को पूरी तरह प्रतिबंधित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे आम लोगों को जाम और असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस विशेष अभियान के दौरान कुल 265 वाहनों का चालान किया गया। इनमें 75 दोपहिया, 51 तीनपहिया, 51 चारपहिया और 88 भारी वाहन शामिल हैं। इसके अलावा नियमों का गंभीर उल्लंघन करने पर दो दोपहिया वाहनों को सीज भी किया गया।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि अभियान के निर्देशों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके और सड़कों पर सुरक्षा सुनिश्चित हो।