वाराणसी : भट्ठी में झोंक दिया गया 12 क्विंटल गांजा-हेरोइन, कमिश्नरेट पुलिस का ऑपरेशन दहन, 6.30 करोड़ का मादक पदार्थ कराया नष्ट
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थों का विधिसम्मत निस्तारण किया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में बुधवार को यह अभियान संचालित किया गया, जिसमें कुल ₹6 करोड़ 30 लाख मूल्य के 1220.945 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
जब्त किए गए मादक पदार्थों में मुख्य रूप से सूखा गांजा, हेरोइन, डायजापाम युक्त नशीला पाउडर और अल्प्रजोलम शामिल रहे। कुल 1219.76 किलोग्राम सूखा गांजा, 970 ग्राम नशीला पाउडर (डायजापाम), 95 ग्राम हेरोइन तथा 120 ग्राम अल्प्रजोलम का विनष्टीकरण किया गया।
पूरी प्रक्रिया पुलिस आयुक्त द्वारा गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई गई। मादक पदार्थों को नष्ट करने की यह कार्रवाई रामनगर (चंदौली) स्थित श्री गणेश प्लाइवुड इंडस्ट्री में स्थापित इंसीनरेटर मशीन (भस्मक भट्ठी) के माध्यम से की गई, जहां पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।
इस अभियान के तहत कुल 20 अलग-अलग अभियोगों से संबंधित बरामद मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। ये सभी मामले एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज थे, जिनमें थाना लंका, चौबेपुर, दशाश्वमेध और चौक क्षेत्रों के प्रकरण शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्यों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, ताकि प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुरूप और पर्यावरण के अनुकूल हो। इसके अलावा संबंधित थानों के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।