वाराणसी : संपूर्ण समाधान दिवस में आए 117 प्रकरण, डीएम ने एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

पिंडरा तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 117 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सौंपा गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
 

वाराणसी। पिंडरा तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 117 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सौंपा गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

समाधान दिवस के दौरान करखियाव गांव के अधिवक्ता अश्वनी सिंह राजपूत ने एयरपोर्ट विस्तारीकरण कार्य में लगी कार्यदायी संस्था पर खुलेआम प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पिंडरा तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने तहसील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, गार्ड की तैनाती और बाहरी वाहनों के प्रवेश को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत अजईपुर के प्रधान उदयभान ने वृद्धावस्था पेंशन का कथित रूप से गलत तरीके से लाभ लेने वालों की जांच की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पिंडरा को निर्देशित किया। वहीं रामपुर गांव की प्रमिला देवी ने सरकारी चकमार्ग पर हुए अवैध कब्जे को हटाने की मांग की, जिस पर उपजिलाधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। फत्तेपुर गांव के राजमन यादव ने सार्वजनिक कुएं को अतिक्रमण से मुक्त कराने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर राजस्व निरीक्षक को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बरतने की हिदायत दी। उन्होंने विशेष रूप से लेखपालों को फटकार लगाते हुए कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में लापरवाही या पक्षपात किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाएं। इस अवसर पर एसडीएम कुंदन राज कपूर, डीसीपी नीतू कादयान, तहसीलदार नेहा राजवंशी, एसीपी प्रशांत कुमार सिंह, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव, कुलवंत सिंह, श्वेता पटेल, प्राची केशरवानी सहित पीडब्ल्यूडी, शिक्षा विभाग, बीडीओ पिंडरा, बीडीओ बड़ागांव और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।