छेहर्टा-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर का 17 जुलाई से होगा संचालन, सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन 

उत्तर रेलवे यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक रेल यात्रा की नई सौगात देने जा रहा है। छेहर्टा (अमृतसर) और वाराणसी के बीच वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का नियमित संचालन अब 17 जुलाई से शुरू होगा। पहले इसका संचालन 12 जुलाई से प्रस्तावित था, लेकिन रेलवे ने तिथि में संशोधन कर दिया है। ट्रेन का नाम संत रविदास एक्सप्रेस रखा गया है और फिलहाल इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा।
 

वाराणसी। उत्तर रेलवे यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक रेल यात्रा की नई सौगात देने जा रहा है। छेहर्टा (अमृतसर) और वाराणसी के बीच वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का नियमित संचालन अब 17 जुलाई से शुरू होगा। पहले इसका संचालन 12 जुलाई से प्रस्तावित था, लेकिन रेलवे ने तिथि में संशोधन कर दिया है। ट्रेन का नाम संत रविदास एक्सप्रेस रखा गया है और फिलहाल इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। इसी दिन नए रेलवे स्टेशन के उद्घाटन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

निर्धारित समय के अनुसार छेहर्टा-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस (14624) हर बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2.05 बजे छेहर्टा से रवाना होगी। ट्रेन 2.25 बजे अमृतसर पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद 2.30 बजे वाराणसी के लिए रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 7.25 बजे लखनऊ और दोपहर 12.15 बजे वाराणसी पहुंचेगी। 

इसी तरह वाराणसी-छेहर्टा संत रविदास एक्सप्रेस (14623) हर गुरुवार, शनिवार और सोमवार को शाम 7.50 बजे वाराणसी से रवाना होगी। ट्रेन रात 12.10 बजे लखनऊ पहुंचेगी। अगले दिन शाम 4.35 बजे अमृतसर और 5.10 बजे छेहर्टा पहुंचेगी। 

दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी समेत प्रमुख स्टेशनों पर होगा। नई वंदेभारत के संचालन से पूर्वांचल से पंजाब की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।