सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को आएंगे वाराणसी, 3 लाख से अधिक पौधरोपण अभियान का करेंगे शुभारंभ, वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार, एक मार्च को वाराणसी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे नगर निगम द्वारा डोमरी क्षेत्र में आयोजित बृहद् पौधरोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान के तहत 3 लाख से अधिक पौधे रोपकर वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम करने की तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में यह कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप लेने जा रहा है।
नगर निगम का मेगा प्लांटेशन ड्राइव
डोमरी क्षेत्र में विकसित किए जा रहे शहरी वन के अंतर्गत यह विशाल पौधरोपण अभियान आयोजित किया जा रहा है। नगर निगम की ओर से लंबे समय से इसकी तैयारी की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि एक ही दिन में तीन लाख से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा संदेश दिया जाए। कार्यक्रम स्थल पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व स्थानीय लोगों की उपस्थिति की संभावना है।
लखनऊ से आजमगढ़ होते हुए पहुंचेंगे वाराणसी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को राजधानी लखनऊ से रवाना होकर पहले आजमगढ़ पहुंचेंगे। वहां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे वाराणसी आएंगे। वाराणसी में पौधरोपण अभियान का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
पर्यावरण संरक्षण पर सरकार का विशेष जोर
राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही है। बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियानों के जरिए प्रदेश में हरियाली बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। डोमरी का यह अभियान भी उसी कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह का माहौल है।