पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर वाराणसी में भव्य कार्यक्रम, मुख्यमंत्री योगी करेंगे शिरकत
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को वाराणसी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में किया जाएगा। यहां केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, स्ट्रीट वेंडर योजना, विश्वकर्मा योजना तथा मुख्यमंत्री योजनाओं से संबंधित जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के अनुसार, जनपद के सभी विकास खंडों में भी सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और लाभार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें बनारसी वस्त्र, कालीन, लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी, पेपर मेशी उत्पाद, बनारसी पान और अन्य स्थानीय उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा बाल विकास एवं महिला कल्याण, कृषि, उद्यान, नेडा, पर्यटन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग सहित कई विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें कैंसर स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण, आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ और जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।