मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल आएंगे वाराणसी, बीजेपी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को करेंगे संबोधित, एयर शो की तैयारियों का लेंगे जायजा
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 अक्टूबर को वाराणसी आएंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तैयारियों में जुटा है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शाम करीब चार बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर स्थित मैदान में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने जाएंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर सकते हैं। इसके बाद उनका सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम प्रस्तावित है। अगले दिन वह वाराणसी से रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एयर शो की तैयारियों का भी कर सकते हैं निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नमो घाट पहुंचकर भारतीय वायुसेना के प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का निरीक्षण करने की भी संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन एयर शो से संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। घाट पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की जा रही है।