यूपीआईटीएस: काशी की दिखेगी विरासत, कारीगरों को मिलेगा ग्लोबल बाजार

काशी अपनी प्राचीन विरासत, समृद्ध धरोहर, पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए गए उत्पादों को यूपीआईटीएस में प्रदर्शित करने को तैयार है। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होने वाले ट्रेड शो के चौथे संस्करण में काशी के उत्पाद देश-विदेश के खरीदारों के सामने पहुंचेंगे।
 

बनारसी सिल्क साड़ी, लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी समेत काशी के पारंपरिक और आधुनिक उत्पाद लेकर पहुंचेंगे 45 उद्यमी 

25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण

वाराणसी, 23 सितंबर: काशी अपनी प्राचीन विरासत, समृद्ध धरोहर, पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए गए उत्पादों को यूपीआईटीएस में प्रदर्शित करने को तैयार है। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होने वाले ट्रेड शो के चौथे संस्करण में काशी के उत्पाद देश-विदेश के खरीदारों के सामने पहुंचेंगे।

काशी के खानपान से लेकर पहनावे, घर की सजावट और पारंपरिक परिधान से लेकर दैनिक उपयोग के उत्पादों तक की विविधता ट्रेड शो में दिखेगी। बनारसी सिल्क साड़ी, लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी, सॉफ्ट स्टोन जाली वर्क, हैंडमेड बनारसी सिल्क के विभिन्न उत्पाद और अन्य पारंपरिक उत्पादों के साथ आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप तैयार किए गए उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन के जरिए स्थानीय उद्यमियों और हस्तशिल्पियों को वैश्विक बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

45 उद्यमियों ने कराया पंजीकरण
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि ट्रेड शो में भाग लेने के लिए वाराणसी से 45 उद्यमियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट, एमएसएमई, जीआई उत्पाद, निर्यातक, एक जिला-एक व्यंजन तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से जुड़ी महिला उद्यमी भी शामिल हैं।

ट्रेड शो में लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी, बनारसी सिल्क साड़ी समेत काशी के विभिन्न पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा ओडीओसी (एक जनपद- एक क्यूजीन) में लौंगलता, तिरंगा बर्फी और बनारसी पान भी खाने को मिलेगा। 

वाराणसी के पंजीकृत उद्यमी
 -ओडीओपी - 15
-एमएसएमई - 7
-नये निर्यातकों -7 
-पुराने निर्यातक -1 
-जीआई उत्पादों -10 
-ओडीओसी - 4 
-सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान - 1 

विरासत से आधुनिक उत्पाद तक दिखेगी काशी की विविधता
एमएसएमई व युवा उद्यमियों के उत्पाद काशी में बदलते कारोबारी परिवेश और नए बाजारों की ओर बढ़ते कदम को प्रदर्शित करेंगे। प्राकृतिक वेलनेस उत्पाद, कंटेनर्स  बैग समेत अन्य उत्पाद भी प्रदर्शित किये जायेंगे, जिसका उपयोग विभिन्न वस्तुओं के परिवहन के लिए किया जाता है। यूपीआईटीएस से खरीदारों को काशी की पारंपरिक कला, शिल्प और उद्यमिता की विविधता एक ही मंच पर देखने को मिलेगी।

उद्यमियों ने कहा- बनारस के उत्पादों को वैश्विक मंच मिलना महत्वपूर्ण
ट्रेड शो में शामिल होने वाले उद्यमियों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। जीआई और ओडीओपी गुलाबी मीनाकारी के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता हस्तशिल्पी कुंज बिहारी तथा वाराणसी 'वुडेन लेकर वेयर'  लकड़ी  के खिलौने उद्योग से जुड़ीं अमृता सिंह ने बताया कि ऐसे आयोजनों से पारंपरिक शिल्प से जुड़े लोगों को बड़ा बाजार मिल जाता है।

सीएम युवा योजना से लाभान्वित, महिला स्वास्थ्य से जुड़ी प्राकृतिक वेलनेस उत्पाद बनाने वाली कंपनी 'श्री विधि ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स' की निदेशक अदिति सिंह ने बताया कि ऐसे मंचों पर खरीदारों से सीधे संपर्क बनाने और उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशने की संभावना मिलती है।

वर्जन 
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो एमएसएमई तथा हैंडीक्राफ्ट को स्थानीय बाजार से राष्ट्रीय/वैश्विक बाजार तक पहुंचाने, नए खरीदारों से जोड़ने तथा तकनीकी व औद्योगिक विस्तार का महत्वपूर्ण मंच बन गया है। नए ऑर्डर, निवेश और औद्योगिक विस्तार से रोजगार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है। निर्यातकों और विदेशी खरीदारों से संपर्क बढ़ाने के लिए घरेलू उद्यमियों के अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।

 

- राजेश भाटिया
अध्यक्ष, 
द स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, वाराणसी