यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा पर कड़ी नजर : पुलिस आयुक्त व जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार के साथ जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार के साथ जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। पुलिस आयुक्त ने केंद्रों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा प्रबंधों, परीक्षा संचालन व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षार्थी को पहचान पत्र, बायोमेट्रिक सत्यापन और गहन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि पिछले दस वर्षों में नकल कराने या परीक्षा में अनियमितता फैलाने में संलिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की समय रहते जानकारी प्राप्त की जा सके।

पुलिस आयुक्त ने केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर प्रभावी जांच व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित रखने और संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा के दौरान नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा किसी अन्य अवांछनीय गतिविधि की सूचना मिलती है तो तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षा स्थल और बैठने की व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। पुलिस आयुक्त ने समस्त पुलिस बल को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और उत्तरदायित्व के साथ ड्यूटी करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार तथा अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।