'आठ साल बेमिसाल' कार्यक्रम में शामिल हुए योगी सरकार के मंत्री असीम अरुण, गिनाई 8 वर्षों की उपलब्धियां

 
vns
वाराणसी। प्रदेश की योगी सरकार के आठ वर्षों की उपलब्धियों को बताने के लिए नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल ग्राउंड में 'आठ साल बेमिसाल' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया और प्रदेश के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

अपने उद्बोधन में असीम अरुण ने कहा कि सरकार की आठ साल की यात्रा को सकारात्मक रूप में देखना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए व्यापक सुधारों पर चर्चा की। उन्होंने कानून व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया है। पुलिस लगातार अपराधियों से सख्ती से निपट रही है, जिसके परिणामस्वरूप अब तक 222 अपराधी एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं।

vns

उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास की गति तेज हुई है। नए एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं, जिससे उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल्द ही कुल 21 एयरपोर्ट कार्यशील हो जाएंगे। इसके अलावा, सड़कें गड्ढा मुक्त की जा रही हैं और अधूरे पड़े बुनियादी ढांचे को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने किसानों के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में खाद्यान्न उत्पादन में 20% की वृद्धि हुई है। चीनी मिलों को लाभप्रद बनाया गया है, जिससे गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिला है। महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार ने पुलिस भर्ती में महिलाओं को विशेष अवसर दिया, जिससे बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ।

बढ़ाई जाएगी मुख्यमंत्री सामूहिक योजना की राशि

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की राशि को भी बढ़ाने की घोषणा की गई। पहले इस योजना के तहत 51,000 रुपये दिए जाते थे, लेकिन 1 अप्रैल से इसे बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बड़े स्तर पर विकास हुआ है, जिसमें रोपवे परियोजना भी शामिल है।

आठ वर्षों में उत्तम प्रदेश बना उत्तर प्रदेश: पूनम मौर्य

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने कहा कि बीते आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की राह पर अग्रसर हुआ है। कानून व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ आधारभूत संरचना और कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि एयर, सड़क और जल मार्गों को सुगम बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बड़ी राहत दी गई है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति अभियान चलाया गया है, जिससे महिलाओं के प्रति अपराध में कमी आई है। औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना और अन्य निवेश योजनाएं भी प्रभावी साबित हो रही हैं।

2014 से पहले नहीं थीं मूलभूत सुविधाएं: हंसराज विश्वकर्मा

कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद हंसराज विश्वकर्मा ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने 2014 से पहले और मौजूदा सरकार के कार्यों की तुलना करते हुए बताया कि कानून व्यवस्था, सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, उद्योग, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा, छात्रवृत्ति और रोजगार जैसे क्षेत्रों में बड़े सुधार हुए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के कार्यों की भी सराहना की और कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास के मामले में पूरे देश में अग्रणी स्थान पर है।

दीप प्रज्जवलन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि असीम अरुण द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने पंचमुखी हनुमान की प्रतिमा भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेशों को वर्चुअल माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा, एक विशेष वीडियो डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से पिछले आठ वर्षों में सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा गया।

योजनाओं के लाभार्थियों को दिया गया प्रमाण पत्र

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और सहायता राशि वितरित की गई। पांच किसानों को प्रमाणपत्र दिए गए, जबकि नई नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

इसके अलावा, पांच युवा उद्यमियों को टूलकिट और ऋण प्रमाणपत्र वितरित किए गए। स्वामी विवेकानंद योजना के तहत पांच बच्चों को स्मार्टफोन प्रदान किए गए। नवीन पेंशन सर्टिफिकेट और सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम विकास योजना के तहत लाभान्वित बुनकरों को चेक के माध्यम से वित्तीय सहायता दी गई।

निपुण विद्यालयों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में सुधार को बल मिलेगा। समाज कल्याण मंत्री ने सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागीय प्रदर्शनियों की बारीकी से जांच की।

मंत्री ने किया वृद्धाश्रम का निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) द्वारा सीएसआर के अंतर्गत बनाए जा रहे 100 बेड की क्षमता वाले वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। यह वृद्धाश्रम विशेष रूप से इस तरह विकसित किया जाएगा कि उसमें वृद्धजनों के साथ-साथ निराश्रित बच्चे और महिलाएं भी रह सकें, जिससे एक जीवंत पारिवारिक माहौल बन सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, जिलाध्यक्ष एवं सदस्य विधान परिषद हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. एस. चिनप्पा, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।