UP Board 12वीं परिणाम 2026 : वाराणसी में 79.41% छात्र सफल, 94.40% अंक के साथ साक्षी बनीं टॉपर, देखिए टॉप 10 लिस्ट

वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा गुरुवार शाम घोषित इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा परिणाम में वाराणसी जिले का कुल परिणाम 79.41 प्रतिशत रहा। इस बार पियारी देवी इंटर कॉलेज, नेवादा बनकट की छात्रा साक्षी ने 94.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया और अपने विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया।
 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा गुरुवार शाम घोषित इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा परिणाम में वाराणसी जिले का कुल परिणाम 79.41 प्रतिशत रहा। इस बार पियारी देवी इंटर कॉलेज, नेवादा बनकट की छात्रा साक्षी ने 94.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया और अपने विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया।

टॉपर्स की सूची में कई मेधावी छात्र-छात्राएं शामिल
दूसरे स्थान पर श्री गांधी इंटर कॉलेज, गौराकला चिरईगांव की वैशाली मौर्य ने 92.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

तीसरे स्थान पर जेएसपीआईसी, परमानंदपुर (जंसा) की रितु वर्मा 92 प्रतिशत अंकों के साथ रहीं।
चौथे स्थान पर अंजलि मौर्य (91.41%), पांचवें स्थान पर अरुण वर्मा (91%) और छठे स्थान पर आयुषी सिंह, करिश्मा राय तथा शिवा सिंह (90.60%) रहे।

सातवें स्थान पर सावन (90.50%), आठवें स्थान पर नेहा यादव (90.40%), नौवें स्थान पर श्वेता विश्वकर्मा (90.20%) और दसवें स्थान पर सर्जना सिंह (90%) ने जगह बनाई।

जिले में 45 हजार से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा
इस वर्ष वाराणसी में कुल 45,919 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 44,186 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 35,090 परीक्षार्थी सफल घोषित हुए। इस प्रकार जिले का कुल परिणाम 79.41 प्रतिशत रहा, जिसे संतोषजनक माना जा रहा है।

सख्त निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से हुई परीक्षा
इंटरमीडिएट 2026 की परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की गई थी। पूरे उत्तर प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और परीक्षाएं 15 कार्यदिवसों में संपन्न हुईं। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सख्त निगरानी और तकनीकी व्यवस्था लागू की गई थी।

समयबद्ध तरीके से हुआ मूल्यांकन कार्य
कॉपी जांच का कार्य 18 मार्च से 4 अप्रैल के बीच 254 मूल्यांकन केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया गया। इसके बाद निर्धारित समय पर परिणाम घोषित कर दिया गया, जिससे छात्रों और अभिभावकों को समय पर जानकारी मिल सकी।

छात्रों में खुशी का माहौल
परिणाम घोषित होते ही सफल छात्रों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई। कई छात्र अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर उत्साहित नजर आए। शिक्षा विभाग ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।