वाराणसी में सीवर समस्या पर अनोखा प्रदर्शन, सड़क को बना लिया ‘बेडरूम’, पुलिस समझाती रही और चलता रहा फोन

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के राजातालाब रथयात्रा सह ला कालेज रोड पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक बीच सड़क पर पहुंचा और अर्धनग्न अवस्था में बहते सीवर के गंदे पानी के बीच लेट गया। हैरानी की बात यह रही कि युवक सड़क पर आराम से लेटे-लेटे मोबाइल फोन पर बातचीत करता रहा, मानो वह किसी कमरे में बैठा हो। इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
 
दरअसल, राजातालाब क्षेत्र में पिछले कई महीनों से सीवर लाइन जाम होने की समस्या बनी हुई है। सड़क पर लगातार गंदा पानी बह रहा है, कई स्थानों पर मैनहोल खुले और क्षतिग्रस्त पड़े हैं, जिसके चलते आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदबू और गंदगी के कारण उनका जीवन प्रभावित हो चुका है, लेकिन शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा।

इसी बीच बुधवार को चिलचिलाती धूप में एक युवक अचानक सड़क के बीच पहुंचा और अपने कपड़े उतारकर अर्धनग्न अवस्था में बदबूदार अवजल के बीच लेट गया। आसपास से गुजर रहे लोग यह नजारा देखकर हैरान रह गए। युवक पूरी तरह बेफिक्र होकर फोन पर बात करता रहा, जबकि सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी रही।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने युवक को समझाने और वहां से हटाने का प्रयास किया। उसे कपड़े पहनने और सड़क खाली करने के लिए लगातार कहा गया, लेकिन युवक पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। वह पुलिसकर्मियों की बातों को नजरअंदाज करते हुए फोन पर बातचीत में व्यस्त रहा।

इस पूरी घटना का वीडियो भी लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। शुरुआत में लोगों को लगा कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है या किसी परेशानी में है, लेकिन बाद में युवक की पहचान पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार गुप्ता के रूप में हुई।

राजकुमार गुप्ता ने बताया कि यह उनका विरोध प्रदर्शन था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फैली गंदगी, जाम सीवर और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ उन्होंने यह अनोखा तरीका अपनाया है। उनका कहना था कि “नंगी व्यवस्था को आईना दिखाने के लिए यह प्रदर्शन किया गया है, ताकि गूंगी-बहरी सरकार तक लोगों की समस्या पहुंचे और जल्द समाधान हो सके।”