वाराणसी पहुंचीं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
वाराणसी। केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचीं। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर पर लैंडिंग की। एयरपोर्ट पर प्रदेश मंत्री भाजपा किसान मोर्चा एवं प्रोटोकॉल प्रभारी भाजपा एयरपोर्ट शैलेश पाण्डेय ने उनका स्वागत किया।
केंद्रीय वित्त मंत्री काशी में भारतीय ज्ञान परंपरा उत्कृष्टता केंद्र (Center of Excellence in Indian Knowledge Systems) का उद्घाटन करने और कर्नाटक संगीत के महान संगीतज्ञ श्री मुथुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती के अवसर पर ₹250 का स्मारक सिक्का जारी करने पहुंची हैं। दोनों कार्यक्रम आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी के भारतीय ज्ञान परंपरा उत्कृष्टता केंद्र द्वारा आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम स्वतंत्रता भवन, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में होगा। कार्यक्रम का शीर्षक “अमरा गुरुगुहा” रखा गया है और इसमें कर्नाटक संगीत की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
₹250 मूल्य का यह स्मारक सिक्का सामान्य प्रचलन में जारी नहीं किया जाएगा। इसका कुल वजन 35 ग्राम है, जिसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता शामिल है। श्री मुथुस्वामी दीक्षितर कर्नाटक संगीत की त्रिमूर्ति में शामिल हैं और भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनका विशेष स्थान है। सरकार उनके 250 वर्ष पूरे होने पर इस स्मारक सिक्के के माध्यम से उनकी विरासत को सम्मानित कर रही है।
केंद्रीय मंत्री का यह दौरा काशी की सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रमों के बाद वे दिल्ली लौटने वाली हैं।