मदनपुरा में भूमिगत बिजली जंक्शन बॉक्स धधका, ज्वेलरी शॉप तक पहुंचीं लपटें, मची अफरातफरी
वाराणसी। मदनपुरा क्षेत्र में राज ज्वेलर्स के सामने मंगलवार को भूमिगत बिजली के जंक्शन बॉक्स में अचानक भीषण आग लग गई। सड़क के नीचे लगे बॉक्स से तेज लपटें निकलने लगीं और देखते ही देखते धुआं आसपास के इलाके में फैल गया। आग की लपटें राज ज्वेलर्स की दुकान की ओर बढ़ने लगीं, जिससे दुकानदारों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते स्थिति पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान आग की लपटें देखकर आसपास की दुकानों के लोग बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए बाजार में दहशत का माहौल रहा। जिस स्थान पर जंक्शन बॉक्स लगा है, उसके आसपास लगातार लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बिजली के उपकरण में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दुकान तक पहुंचने लगी थीं लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राज ज्वेलर्स के सामने सड़क के नीचे स्थित भूमिगत बिजली जंक्शन बॉक्स से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग तेज हो गई। लपटें दुकान की ओर बढ़ने लगीं तो आसपास के दुकानदारों में भी चिंता बढ़ गई। गनीमत रही कि आग ने विकराल रूप लेने से पहले ही स्थिति नियंत्रित कर ली गई।
बार-बार आग लगने से दुकानदार चिंतित
घटना से प्रभावित राज ज्वेलर्स के दुकानदार सरदार हरप्रीत सिंह ने बिजली व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली से जुड़ी ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। बार-बार आग लगने से दुकानदारों के बीच हमेशा किसी बड़ी घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने संबंधित विभाग से भूमिगत जंक्शन बॉक्स की तकनीकी जांच कराने और बिजली व्यवस्था का निरीक्षण कराने की मांग की। उनका कहना है कि समय रहते खराबी दूर नहीं की गई तो भविष्य में किसी गंभीर हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
घनी आबादी में सुरक्षा को लेकर सवाल
मदनपुरा घनी आबादी और व्यस्त बाजार वाला इलाका है। यहां आभूषण समेत बड़ी संख्या में दुकानें और प्रतिष्ठान हैं। ऐसे में सड़क के नीचे लगे बिजली उपकरण में आग लगना गंभीर चिंता का विषय है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि भूमिगत जंक्शन बॉक्स की नियमित जांच और रखरखाव जरूरी है।
दुकानदारों ने मांग की कि घटना के कारणों की जांच के साथ आसपास के अन्य भूमिगत बिजली जंक्शन बॉक्स का भी निरीक्षण कराया जाए। उनका कहना है कि किसी घटना के बाद मरम्मत करने के बजाय संभावित खामियों की पहले से पहचान कर उन्हें दूर किया जाना चाहिए।
सरदार हरप्रीत सिंह ने मीडिया के माध्यम से भी समस्या को संबंधित विभाग और प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुकानदारों की सुरक्षा के लिए बिजली व्यवस्था की स्थायी जांच और समाधान जरूरी है। घटना के बाद क्षेत्रीय दुकानदारों में चिंता बनी हुई है।