योगी जी के नेतृत्व में यूपी में आया 'राम राज्य': उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन
2029 से पहले वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनेगा उत्तर प्रदेश: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन
तमिलनाडु में जो स्थान कामराज का था, वही स्थान आज यूपी में योगी जी का है: उपराष्ट्रपति
केंद्र में कर्मयोगी प्रधानमंत्री और यूपी में भगवाधारी योगी के नेतृत्व में हो रहा विकास: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन
सांस्कृतिक रूप से सदैव एक रहा हमारा राष्ट्र: उपराष्ट्रपति
तमिलनाडु में राष्ट्रीयता को प्रमुखता देने वाले नेतृत्व की कमी, युवा इसे आगे बढ़ाएं: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन
वाराणसी, 28 नवंबर। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में केवल भव्य राम मंदिर का ही निर्माण नहीं हुआ है, बल्कि यहां 'राम राज्य' का भी निर्माण हुआ है। आज प्रदेश की गली-गली में हर महिला निर्भय होकर जा सकती है। पतन की स्थिति से निकलकर उत्तर प्रदेश आज शिखर पर पहुंच चुका है और देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
उपराष्ट्रपति शनिवार को वाराणसी में आयोजित 'काशी तमिल संगमम् 5.0' के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में उत्तर प्रदेश का योगदान नौ प्रतिशत है और वर्ष 2029 की निर्धारित समयसीमा से पहले ही उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के रूप में अवश्य उभरेगा।
तमिलनाडु में जो कामराज थे, उत्तर प्रदेश के लिए वही योगी आदित्यनाथ हैं
उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपने आत्मीय संबंधों को याद करते हुए कहा कि हमारा नाता 20 वर्ष से अधिक पुराना है। वर्ष 1998 में जब हम दोनों संसद में अगल-बगल बैठते थे, तब एक-दूसरे के भाषणों को बड़े स्नेह से सुनते थे। जैसे तमिलनाडु में कामराज थे, वैसे ही आज उत्तर प्रदेश के लिए योगी महाराज विराजमान हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री के निमंत्रण पर अयोध्या के भव्य दीपोत्सव और पिछले वर्ष रामेश्वरम् में संगमम् के चौथे संस्करण के समापन समारोह में शामिल होने के अनुभवों को भी साझा किया।
केंद्र में कर्मयोगी पीएम और यूपी में विरक्त योगी के काल में बढ़ रहा तिरुक्कुरल का वैभव
उपराष्ट्रपति ने कहा कि काशी तमिल संगमम् का पांचवां संस्करण संत तिरुवल्लुवर और उनके अमर ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' को समर्पित है। तिरुक्कुरल केवल तमिल भाषियों की विरासत नहीं, बल्कि पूरी मानवता की अमानत है। चेन्नई स्थित केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान के प्रयासों से 10 विदेशी भाषाओं सहित कुल 50 भाषाओं में तिरुक्कुरल का अनुवाद प्रकाशित हुआ है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में एक कर्मयोगी प्रधानमंत्री बैठे हैं और उत्तर प्रदेश में 'मुझे कुछ नहीं चाहिए' कहने वाले एक विरक्त भगवाधारी योगी विराजमान हैं। इनके कालखंड में तमिल और तिरुक्कुरल का वैभव विश्व स्तर पर बढ़ रहा है। हाल ही में ब्रिक्स समिट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रूसी भाषा में अनुवादित तिरुक्कुरल भेंट किया।
भाषाएं अनेक पर राष्ट्र भाव एक
उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत को अंग्रेजों ने एक देश बनाया। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में तमिलनाडु में चेर, चोल, पांड्य, पल्लव और कोयंबटूर बेल्ट के कोंगुनाडु जैसे राजनीतिक विभाजन होने के बावजूद हम भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से सदैव एक थे।
उन्होंने कहा कि हमारी भाषाएं, पूजा प्रणाली और संस्कृति अनेक हो सकती हैं, लेकिन हमारा चिंतन, सभ्यता और राष्ट्र भाव एक है। आसेतु हिमाचलम्, गंगा से कावेरी और गुजरात से अरुणाचल तक हमारा लक्ष्य 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' है। हमें अपनी मां, मातृभाषा और धर्म के साथ-साथ हर भाषा को स्नेह से देखना चाहिए।
तमिलनाडु में राष्ट्रीयता को आगे बढ़ाएं युवा, काशी से सदियों पुराना नाता
उपराष्ट्रपति ने कहा कि तमिलनाडु में कामराज और मुत्तुरामलिंग तेवर के बाद राष्ट्रीयता को प्रमुखता देने वाला कोई नेता नहीं हुआ। उन्होंने संगमम् में आए 1,400 प्रतिभागियों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना कर तमिलनाडु लौटें और प्रांत को राष्ट्रीयता की ओर आगे बढ़ाएं।
उन्होंने काशी को दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बताते हुए कहा कि हर तमिल घर में काशी यात्रा और महादेव के दर्शन का सपना होता है। 450 वर्ष पहले नाट्टुकोट्टई के नगरत्तार और सदियों पहले तमिल बुनकर यहां आकर बसे। महाकवि सुब्रमण्य भारती ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा काशी में बिताया और काशी के विद्वानों की वाणी को कांची में सुनने के उपकरण की जो दूरगामी कल्पना की थी, वह आज साकार हो रही है।
2047 में विकसित भारत का लक्ष्य अटल, गंगा-कावेरी संगम का संकल्प होगा साकार
उपराष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने से दुनिया की कोई शक्ति नहीं रोक सकती। विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक शक्ति नहीं, बल्कि अपनी सभ्यता और विरासत की महानता को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करना है।
उन्होंने कहा कि आज जब विश्व युद्ध, टकराव, आर्थिक और पर्यावरणीय संकट से जूझ रहा है, तब भारत की 'वसुधैव कुटुंबकम्' और तमिल कवि कणियन पूंगुंड्रनार की पंक्ति 'यादुम ऊरे यावरुम केळिर' (सारा जगत हमारा है) की भावना मानवता को राह दिखाती है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे जिस विभाग में रहते हैं, वहां अपनी अमिट छाप छोड़ते हैं। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री की दूरगामी दृष्टि के अनुरूप एक दिन गंगा और कावेरी का संगम अवश्य साकार होगा।