एसीपी के नेतृत्व में बीएचयू गेट पर वाहन चेकिंग अभियान, दो दर्जन से अधिक ई-रिक्शा पकड़े, मचा हड़कंप
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के सिंह द्वार के आसपास सोमवार को पुलिस ने अतिक्रमण और नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे टोटो के खिलाफ विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान दो दर्जन से अधिक ई-रिक्शा पकड़े गए। सभी वाहनों को बीएचयू चौकी भेजकर उनके कागजात और संचालन से संबंधित आवश्यक जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान सिंह द्वार के आसपास टोटो चालकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस टीम ने सड़क पर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों की जांच की और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सिंह द्वार और बीएचयू के आसपास बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क पर टोटो और अन्य वाहनों के अनियंत्रित संचालन से यातायात प्रभावित होता है। कई स्थानों पर वाहनों के अनधिकृत रूप से खड़े होने से अतिक्रमण की स्थिति भी बनती है। सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अतिक्रमण और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले टोटो और ऑटो के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ऐसे वाहन चालकों को चिह्नित किया जा रहा है, जो निर्धारित नियमों का पालन नहीं करते या सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करते हैं।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
गौरव कुमार ने बताया कि इसी क्रम में सोमवार को सिंह द्वार के आसपास विशेष चेकिंग की गई। पकड़े गए दो दर्जन से अधिक ई-रिक्शा को बीएचयू चौकी भेजा गया है। वहां आवश्यक जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाहन चालकों को नियमों का पालन करने और सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई है। अभियान में लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा, बीएचयू चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे।