चाचा-भतीजा बनाते थे नौकरी की लिस्ट, बांटते थे फर्जी ढंग से नौकरियां : हंसराज विश्वकर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। मंत्री हंसराज ने 2012 से 2017 के सपा शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस दौर में प्रदेश भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और चौतरफा अफरातफरी की आग में झुलस रहा था।
 

- मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, कहा- 2012 से 2017 तक यूपी में था भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का राज

- पारदर्शी ढंग से अब तक दी गईं साढ़े नौ लाख सरकारी नौकरियां, जल्द मिलेंगी सवा लाख और सरकारी नौकरी : हंसराज विश्वकर्मा

- ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक सजेगा 'इंटरनेशनल ट्रेड शो', दिखेगी यूपी के MSME सेक्टर की ताकत : हंसराज विश्वकर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। मंत्री हंसराज ने 2012 से 2017 के सपा शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस दौर में प्रदेश भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और चौतरफा अफरातफरी की आग में झुलस रहा था।

चाचा-भतीजा बनाते थे लिस्ट, बांटते थे फर्जी नौकरियां
पूर्ववर्ती सपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मंत्री ने आरोप लगाया कि उस समय नौकरियां पारदर्शी तरीके से नहीं, बल्कि पर्चियों पर दी जाती थीं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का आलम यह था कि चाचा-भतीजा मिलकर सूचियां तैयार करते थे। स्थिति इतनी भयावह थी कि जो अभ्यर्थी परीक्षा देने भी नहीं जाते थे, उनका नाम भी नौकरी की लिस्ट में शामिल हो जाता था।

योगी सरकार में हुआ चौतरफा विकास, मिली पारदर्शी ढंग से नौकरियां
हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब से पूरे उत्तर प्रदेश का परिदृश्य बदल चुका है। आज प्रदेश के किसी भी कोने में चले जाइए, चौतरफा विकास साफ नजर आता है। शौचालय, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से लेकर बुनियादी ढांचे तक में ऐतिहासिक सुधार हुआ है।

रोजगार का आंकड़ा रखते हुए उन्होंने बताया कि योगी सरकार अब तक साढ़े नौ लाख (9.5 लाख) युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दे चुकी है। इसके साथ ही सवा लाख (1.25 लाख) और नई नौकरियों की प्रक्रिया जारी है, जिसे सरकार हर हाल में पूरा करेगी।

ग्रेटर नोएडा में सजेगा 'इंटरनेशनल ट्रेड शो'   
प्रदेश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि आगामी 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में भव्य 'इंटरनेशनल ट्रेड शो' का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की कि वे इस ट्रेड शो में आकर देखें कि कैसे यूपी का एमएसएमई सेक्टर नई ऊंचाइयों को छू रहा है और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।