रामनगर में महिला से चेन स्नैचिंग करने वाले दो युवक गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद
वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नशे और अपने शौक पूरे करने के लिए वे चोरी और छिनैती की वारदातों को अंजाम देते थे।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दक्षिण भारत से वाराणसी घूमने आई एक महिला रामनगर किला देखने जा रही थी। इसी दौरान किले के पास शातिर युवकों ने मौका पाकर उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता की शिकायत के बाद रामनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश शुरू की और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य माध्यमों से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चेन बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों युवक वारदात को अंजाम देने के लिए राहगीरों और पर्यटकों पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही चेन या अन्य कीमती सामान छीनकर फरार हो जाते थे। पूछताछ में नशे और शौक पूरा करने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आई है।
पुलिस अब दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ ही उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है।