सार्वजनिक स्थान पर अश्लील इशारे कर राहगीरों को परेशान करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार, एंटी रोमियो की कार्रवाई
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की सिगरा थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थान पर अश्लील इशारे कर राहगीरों को परेशान करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में सक्रिय थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कैंट स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ महिलाएं राहगीरों और आम लोगों को अश्लील इशारे कर परेशान कर रही हैं।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर एंटी रोमियो टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस ने मौके से दो महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनकी पहचान जीविका (काल्पनिक नाम) (42 वर्ष) और रुबिया (काल्पनिक नाम) (28 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों की पहचान गोपनीय रखते हुए उनके काल्पनिक नाम जारी किए हैं।
पुलिस के अनुसार जीविका मूल रूप से बिहार के पटना जिले के सम्पच्चक थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव की रहने वाली है और वर्तमान में डीएलडब्ल्यू स्थित पॉपुलर हॉस्पिटल के पीछे वाराणसी में रह रही थी। वहीं रुबिया मूल रूप से जौनपुर जिले के कुटहन थाना क्षेत्र के मलनी गांव की निवासी है और वर्तमान में मंडुआडीह के सुदासपुर क्षेत्र में रह रही थी।
दोनों महिलाओं को 24 जुलाई 2026 को कैंट स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के पास से गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना सिगरा में मु.अ.सं. 0327/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296 में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह, महिला कांस्टेबल ऋतम्भरा यादव, कांस्टेबल अभिषेक शर्मा, महिला कांस्टेबल छाया तथा महिला कांस्टेबल मंदाकिनी शामिल रहीं।