रामनगर में बनेंगे दो वेंडिंग जोन, जाम से मिलेगी निजात 

रामनगर क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और बाजार में लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने यहां दो व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया है। उद्देश्य यह है कि फुटपाथों और सड़कों पर अनियमित रूप से लगने वाली दुकानों को सुव्यवस्थित स्थान देकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।
 

वाराणसी। रामनगर क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और बाजार में लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने यहां दो व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया है। उद्देश्य यह है कि फुटपाथों और सड़कों पर अनियमित रूप से लगने वाली दुकानों को सुव्यवस्थित स्थान देकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।

स्थानीय व्यापारियों ने पूर्व में चिह्नित दो स्थलों पर वेंडिंग जोन बनाए जाने की मांग की थी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावों पर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर कार्ययोजना को अंतिम रूप देकर जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

इसके साथ ही क्षेत्र में खाली पड़ी जमीनों पर पार्किंग स्थल और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की भी योजना बनाई जा रही है, ताकि बाजार आने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। रामनगर जोन कार्यालय के ग्रीन एरिया के चारों ओर पाथवे निर्माण तथा वाटर टैंक के पास स्थित ट्यूबवेल स्थल को पक्का कर वहां टीन शेड लगाने की तैयारी भी की जा रही है। नगर निगम की इस पहल से रामनगर में यातायात सुधार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।