रामनगर की रामलीला में बाइक चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिलें बरामद

रामनगर पुलिस ने रामलीला मेले के दौरान मोटरसाइकिल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र निवासी पंकज पासवान (26) और वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी सलमान अहमद (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
 

रामनगर पुलिस की कार्रवाई, चोरी की बाइक बिहार ले जाकर बेचने की थी तैयारी, एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं चोरी समेत 10 मुकदमे

वाराणसी। रामनगर पुलिस ने रामलीला मेले के दौरान मोटरसाइकिल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र निवासी पंकज पासवान (26) और वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी सलमान अहमद (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में थे।

पुलिस के मुताबिक, रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान से मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की गई थी। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और सुरागरसी के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 19 अक्टूबर की रात करीब 11:45 बजे ढुंढिराज पुलिया के पास खाली मैदान में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली। इसके बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। बरामद तीनों वाहन हीरो सुपर स्प्लेंडर हैं।

रेकी कर चुराते थे बाइक, बिहार में बेचने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के क्षेत्रों में घूमकर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। चोरी से मिलने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने 14 अक्टूबर को रामलीला मैदान से एक मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी बताई। उनकी योजना अधिक संख्या में मोटरसाइकिलें इकट्ठा करने के बाद पिकअप या मैजिक वाहन में लादकर बिहार ले जाने और वहां ग्राहक तलाशकर बेचने की थी।

एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 10 मुकदमे
पुलिस के अनुसार, पंकज पासवान के खिलाफ वाराणसी के कैंट, मंडुवाडीह और शिवपुर थानों में चोरी, चोरी का माल रखने सहित विभिन्न धाराओं में पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ रामनगर थाने में मुकदमा संख्या 0268/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में रामनगर थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक अमित कुमार त्रिपाठी, पंकज कुमार मिश्रा समेत थाना पुलिस के अन्य कर्मचारी और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल शामिल रहे।