लंका पुलिस के हत्थे चढ़े दो झपटमार, आभूषण, नकदी और बाइक बरामद
वाराणसी। लंका थाना पुलिस ने झपटमारी की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीने गए आभूषण, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना 20 अप्रैल की रात की है। सीरगोवर्धनपुर निवासी प्रजा श्रीवास्तव टोटो से अपने घर जा रही थीं। जैसे ही वे एम्ब्रोसिया अपार्टमेंट के पास पहुंचीं, बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका बैग झपट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार बैग में सोने जैसे पीली धातु के आभूषण मांग टीका, नथिया, ईयर रिंग, नाक की कील के अलावा लगभग 20 हजार रुपये नकद रखे थे। इस संबंध में थाना लंका में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए सर्विलांस और मुखबिर की मदद से 25 अप्रैल की रात करीब 10:12 बजे सामने घाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के सामने खाली जमीन के पास से दोनों आरोपियों को धर दबोचा। उनकी पहचान डब्बू (25) निवासी बजरडीहा, थाना भेलूपुर और साहिद उर्फ साहिल (20) निवासी बौलिया लहरतारा, थाना मंडुवाडीह के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और खर्च पूरा करने के लिए सुनसान जगहों पर अकेले लोगों को निशाना बनाकर झपटमारी करते थे। छीने गए सामान को बेचकर वे नशे का इंतजाम करते थे। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक स्वप्निल सिंह सहित लंका थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।