गंजारी स्टेडियम के लिए दो सड़कें, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू

गंजारी क्षेत्र में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और इसे वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद अगले वर्ष की शुरुआत में यहां अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित होने की संभावना है।
 

वाराणसी। गंजारी क्षेत्र में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और इसे वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद अगले वर्ष की शुरुआत में यहां अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित होने की संभावना है।

मैचों के दौरान भारी भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम के निर्देश पर भूमि अधिग्रहण पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन प्राधिकरण ने पारदर्शी प्रक्रिया के तहत प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने की कार्यवाही आरंभ कर दी है।

पहली सड़क हरसोस-सुईचक-गंगापुर मार्ग के चैनल 3.030 का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकर किया जाना है। इसके लिए राजातालाब तहसील के प्रस्तावित हरसोस, गंजारी, सूईचक व टेकीकहार से 3.0154 हेक्टेयर भूमि ली जाएगी। दूसरी सड़क लहरतारा-कोटवा-केराउत-परमपुर-अकेलवा मार्ग है। इसके लिए चैनल 12.00 से 14.500 तक चौड़ीकरण होना है। इसके लिए .5232 हेक्टेयर भूमि का ग्राम रामरायपुर, दयापुर, चकदीहराम, टेकीकहार और सूईचक में भूमि ली जाएगी। 

सड़क के लिए जमीन आपसी सहमति और समझौते के आधार पर अर्जित की जाएगी। इसके लिए रांची की संस्था एटलस मैनेजमेंट कंसल्टिंग सर्विस प्राइवेट लिमिटेड सामाजिक प्रभाव का अध्ययन करेगी।