खराब मौसम के कारण रांची जाने वाले दो विमान वाराणसी डायवर्ट, विमान में सवार थे पूर्व सीएम
वाराणसी। रांची में खराब मौसम के कारण गुरुवार को पुणे और दिल्ली से रांची जा रही इंडिगो की दो उड़ानों को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। विमान के पायलटों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर अनुमति मिलने के बाद दोनों विमानों को वाराणसी एयरपोर्ट पर उतारा।
पुणे से रांची के लिए रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6484 खराब मौसम के कारण रांची एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी। विमान सुबह करीब 9:15 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। करीब एक घंटे के इंतजार के बाद मौसम में सुधार होने पर विमान ने रांची के लिए उड़ान भरी। इस दौरान विमान में सवार यात्रियों को वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया और आगे की यात्रा के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट समेत अन्य परिवहन की व्यवस्था की गई।
इसी तरह दिल्ली से रांची के लिए संचालित इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6370 को भी खराब मौसम के चलते वाराणसी डायवर्ट किया गया। यह विमान करीब 10:16 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा और करीब 12.40 बजे रांची के लिए रवाना हुआ। दिल्ली-रांची विमान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा भी सवार थे। विमान में कुल 216 यात्री थे। इनमें से 64 यात्रियों ने वाराणसी में उतरने का विकल्प चुना, जबकि शेष यात्री विमान से रांची के लिए रवाना हुए।