वाराणसी एयरपोर्ट पर पिस्टल से चली गोली, दो घायल, मची अफरातफरी
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार जांच के दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई। गोली जमीन से टकराने के बाद पास खड़े दो एयरपोर्ट स्क्रीनर्स को लग गई। हादसे में एक महिला की जांघ और युवक के हाथ में गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
आजमगढ़ निवासी कमलेश कुमार राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाले थे। सुबह करीब 9:30 बजे विमान में ले जाने के लिए उन्होंने अपनी पिस्टल और मैगजीन को नियमानुसार घोषित किया था। हथियार की जांच के दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया। गोली पहले जमीन से टकराई और इसके बाद वहां मौजूद दो एयरपोर्ट स्क्रीनर्स को जा लगी।
घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हथियार और उससे संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि 16 अगस्त को करीब 9:30 बजे मुंबई जाने वाली फ्लाइट IX-1810 के एक यात्री ने अपनी पत्नी के साथ यात्रा के दौरान विमान में ले जाने के लिए हथियार घोषित किया था। हथियार की जांच के दौरान यात्री से एक राउंड फायर हो गया, जिससे दो AAICLAS स्क्रीनर्स घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना में किसी अन्य यात्री को चोट नहीं आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घोषित हथियार से फायर किस परिस्थिति में हुआ और सुरक्षा जांच के दौरान किन परिस्थितियों में पिस्टल से गोली चली।