चीन से नेपाल जा रही दो उड़ानों की वाराणसी में आपात लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

चीन से नेपाल की राजधानी काठमांडू जा रही दो अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को खराब मौसम के कारण बुधवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमानों की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। बाद में मौसम सामान्य होने पर उन्हें अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
 

वाराणसी। चीन से नेपाल की राजधानी काठमांडू जा रही दो अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को खराब मौसम के कारण बुधवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमानों की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। बाद में मौसम सामान्य होने पर उन्हें अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

नेपाल एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या आरए-1209 चीन के विभिन्न शहरों से यात्रियों को लेकर काठमांडू जा रही थी। काठमांडू में खराब मौसम और दृश्यता कम होने के कारण विमान को वाराणसी एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। यह विमान दोपहर करीब 3 बजे वाराणसी पहुंचा। विमान में कुल 47 यात्री और छह चालक दल के सदस्य सवार थे। लगभग एक घंटे बाद मौसम में सुधार होने पर विमान को शाम 4:45 बजे काठमांडू के लिए रवाना कर दिया गया।

इसी प्रकार, हिमालय एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या एच-7363 भी चीन से नेपाल जा रही थी। काठमांडू में प्रतिकूल मौसम की वजह से इस विमान को भी वाराणसी एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। यह विमान शाम 3:42 बजे वाराणसी पहुंचा। विमान में 29 यात्री और चार चालक दल के सदस्य सवार थे। करीब डेढ़ घंटे तक वाराणसी में रुकने के बाद मौसम अनुकूल होने पर इसे भी शाम 5 बजे काठमांडू के लिए रवाना कर दिया गया।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, दोनों विमानों की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया। उड़ानों के डायवर्ट होने के कारण कुछ समय के लिए एयरपोर्ट की परिचालन गतिविधियां प्रभावित हुईं, लेकिन सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहीं।