सिगरा में दर्दनाक हादसा, वाहन की टक्कर से ट्रॉली चालक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में बुधवार भोर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 48 वर्षीय ट्रॉली चालक कन्हैया बिंद की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा साजन सिनेमा के सामने उस समय हुआ जब वह रोज की तरह काम पर निकला था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
कन्हैया बिंद सुबह करीब 3 बजे घर से निकला था। वह ट्रॉली चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। सुबह लगभग 5 बजे के आसपास तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।
मृतक शिवपुरवा क्षेत्र के गांधी चौपड़ा इलाके का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।