लखनऊ अग्निकांड के मृत छात्रों को दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती में दी गई श्रद्धांजलि, बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से की प्रार्थना
वाराणसी। लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक घटना पर काशी में भी गहरा दुख व्यक्त किया गया। मंगलवार को दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती के दौरान मृत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
गंगा आरती प्रारंभ होने से पूर्व संस्था के अर्चकों एवं पदाधिकारियों ने मां गंगा में दीपदान कर हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी दिवंगत छात्रों की स्मृति में मौन प्रार्थना की। गंगा सेवा निधि की ओर से आरती शुरू होने से पहले दो मिनट का मौन रखा गया। मौन के दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ और मां गंगा से मृत छात्रों की आत्मा को शांति प्रदान करने तथा इस दुर्घटना में घायल हुए विद्यार्थियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने कहा कि लखनऊ में कोचिंग संस्थान में लगी आग में 15 बच्चों की मौत की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि गंगा सेवा निधि परिवार की ओर से मृत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई है तथा बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना की गई है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान घाट का वातावरण शोक और संवेदना से भरा रहा।