लोलार्क कुंड स्नान पर्व पर 16 सितंबर दोपहर से बदलेगा ट्रैफिक, अस्सी के छह प्रमुख मार्ग नो-व्हीकल जोन

वाराणसी। सूर्य षष्ठी और लोलार्क कुंड स्नान पर्व पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वाराणसी यातायात पुलिस ने दो दिनों के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। 16 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 17 सितंबर की रात 12 बजे तक अस्सी, लोलार्क कुंड और आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। छह प्रमुख मार्गों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है। वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं।
 
  • 17 सितंबर रात 12 बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन, श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग इलाकों में पार्किंग; एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड समेत आपातकालीन वाहनों को छूट

वाराणसी। सूर्य षष्ठी और लोलार्क कुंड स्नान पर्व पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वाराणसी यातायात पुलिस ने दो दिनों के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। 16 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 17 सितंबर की रात 12 बजे तक अस्सी, लोलार्क कुंड और आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। छह प्रमुख मार्गों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है। वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं।

अस्सी चौराहा और लोलार्क कुंड की ओर जाने वाले वाहनों को अलग-अलग स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन न ले जाने और निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील की है।

इन छह मार्गों पर नहीं जा सकेंगे वाहन

  • बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा से अस्सी चौराहा: अस्सी की ओर वाहन नहीं जाएंगे। इन्हें पद्मश्री चौराहा और रविदास गेट रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • नगवां चौराहा से रविदास पार्क: रविदास पार्क और अस्सी घाट की ओर वाहनों पर रोक रहेगी। वाहन ट्रामा सेंटर और रविदास गेट की तरफ भेजे जाएंगे।
  • पद्मश्री चौराहा से अस्सी चौराहा: अस्सी की ओर नो एंट्री रहेगी। वाहन ब्रॉडवे होटल और दुर्गाकुंड की तरफ जाएंगे।
  • शिवाला मोड़ से अस्सी चौराहा: वाहनों को अस्सी की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें ब्रॉडवे तिराहा और पद्मश्री चौराहा की ओर मोड़ा जाएगा।
  • ब्रॉडवे होटल तिराहा से सोनारपुरा: सोनारपुरा की तरफ वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहन रवींद्रपुरी कॉलोनी रोड और विजया तिराहा की ओर भेजे जाएंगे।
  • सोनारपुरा तिराहा से अस्सी चौराहा: अस्सी की तरफ नो एंट्री रहेगी। वाहनों को गोदौलिया और भेलूपुर चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

कहां पार्क करें वाहन

  • मैदागिन की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टाउन हॉल मैदागिन, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने खाली मैदान और नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
  • बेनिया की तरफ से आने वाले वाहन राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज मैदान और बेनिया पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे। दोपहिया वाहनों के लिए सनातन धर्म इंटर कॉलेज और गोदौलिया पार्किंग निर्धारित की गई है।
  • लक्सा की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए मजदा पार्किंग और दोपहिया वाहनों के लिए गोदौलिया पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
  • भेलूपुर और बीएचयू की तरफ से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए भेलूपुर थाने के पास सिनेमा हॉल का मैदान निर्धारित किया गया है। इसके अलावा बाबा कीनाराम आश्रम से आचार्य रामचंद्र शुक्ल चौराहा होते हुए रवींद्रपुरी तक सड़क के दोनों तरफ पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को मिलेगी छूट

यातायात प्रतिबंध से एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन तथा बीमार और दिव्यांग व्यक्तियों के वाहनों को छूट दी गई है। आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में बाधा न आए, इसके लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

यातायात पुलिस ने लोगों से भीड़ के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन लेकर नहीं जाने, निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

  • ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 7839856994
  • यातायात हेल्पलाइन: 7317202020