पीएम मोदी के वाराणसी दौरे से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, कई रास्तों पर डायवर्जन, इन मार्गों पर रहेगी नो-एंट्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान के मद्देनजर कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंधों की विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात के अनुसार, वीवीआईपी आवागमन और नमो घाट पर आयोजित एयर शो के दौरान शहर के कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। कुछ मार्गों पर वीवीआईपी आगमन से तीन घंटे पहले, जबकि कई स्थानों पर एक घंटे पहले से प्रतिबंध लागू होंगे। ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर भी रोक रहेगी। यातायात पुलिस ने आमजन से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान के मद्देनजर कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंधों की विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात के अनुसार, वीवीआईपी आवागमन और नमो घाट पर आयोजित एयर शो के दौरान शहर के कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। कुछ मार्गों पर वीवीआईपी आगमन से तीन घंटे पहले, जबकि कई स्थानों पर एक घंटे पहले से प्रतिबंध लागू होंगे। ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर भी रोक रहेगी। यातायात पुलिस ने आमजन से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।

1. रोडवेज और निजी बसों के लिए डायवर्जन
•    हरहुआ ओवरब्रिज: बाबतपुर की तरफ से आने वाली सभी रोडवेज और निजी बसों को वीवीआईपी आगमन से तीन घंटे पहले से कार्यक्रम समाप्ति तक ओवरब्रिज पर नहीं जाने दिया जाएगा। इन बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
•    जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ से आने वाली बसें: रिंग रोड हरहुआ, बावनबीघा और संदहा अंडरपास से वापस कर दी जाएंगी।
•    चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र और मिर्जापुर से आने वाली बसें: शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन बसों को टिकाना ढाबा और मोहनसराय से वापस किया जाएगा।
•    भदोही से आने वाली बसें: परमपुर/सजोई अंडरपास से वापस कर दी जाएंगी।

2. शहर के भीतर इन मार्गों पर रहेगी नो-एंट्री
वीवीआईपी आगमन से एक घंटे पहले से निम्नलिखित मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा या वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा।
•    गिलट बाजार तिराहा: पुलिस लाइन चौराहे की तरफ नो-एंट्री रहेगी। वाहनों को शिवपुर चुंगी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
•    सेंट्रल जेल तिराहा: जेपी मेहता तिराहे की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
•    संदहा अंडरपास: पुलिस लाइन की तरफ जाने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इन्हें रिंग रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।
•    काली माता चौराहा: पुलिस लाइन की तरफ वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
•    पांडेयपुर चौराहा: पुलिस लाइन की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
•    नमो घाट की तरफ जाने वाले मार्ग: पांडेयपुर, पंचकोसी, कज्जाकपुरा ओवरब्रिज, गोलगड्डा, लहरतारा, आंगनबाड़ी, अमर उजाला, तिराहा तैलियाबाग, लकड़ीमंडी, गोलगड्डा तिराहा, नमो घाट, लाट भैरव पुलिस चौकी, भदऊ चुंगी और विश्वेश्वरगंज तिराहे से नमो घाट/गोलगड्डा की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

3. सुबह आठ बजे से ऑटो और ई-रिक्शा पर प्रतिबंध
सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक निम्नलिखित मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
•    अंबेडकर चौराहा से गिलट बाजार तक: अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर और यूपी कॉलेज होते हुए गिलट बाजार तक ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे।
•    पुलिस लाइन से राजघाट तक: पुलिस लाइन, पांडेयपुर, चौकाघाट चौराहा और गोलगड्डा होते हुए राजघाट तक ऑटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
•    सूजाबाद (पड़ाव) से चौकाघाट: इस मार्ग पर ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों का संचालन बंद रहेगा।

सूजाबाद से चौकाघाट जाने के वैकल्पिक मार्ग: वाहन चालक संदहा रिंग रोड, बलुआ पुल/विश्वसुंदरी पुल और टेंगरा मोड़ के रास्ते आवागमन कर सकते हैं।

4. राजघाट पुल पर मालवाहक वाहनों की रोक
राजघाट पुल पर सुबह सात बजे से सभी मालवाहक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त, वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान से एक घंटे पहले पुल पर वाहनों के साथ पैदल आवागमन भी पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।

5. यातायात पुलिस की आमजन से अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। वीवीआईपी कार्यक्रम क्षेत्र की तरफ केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही निकलें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन
•    ट्रैफिक कंट्रोल रूम: +91 7839856994
•    ट्रैफिक हेल्पलाइन: +91 7317202020