चौक इलाके में गहना चोरी की घटनाओं से व्यापारी आक्रोशित, मुकदमा दर्ज करने में देरी का आरोप

चौक थाना क्षेत्र में संगठित गहना चोरी के मामले को लेकर आभूषण व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को कथित चोरी के आरोपितों के पकड़े जाने के बाद व्यापारी बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और बरामदगी तथा मुकदमा दर्ज करने में देरी पर नाराजगी जताई।
 

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र में संगठित गहना चोरी के मामले को लेकर आभूषण व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को कथित चोरी के आरोपितों के पकड़े जाने के बाद व्यापारी बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और बरामदगी तथा मुकदमा दर्ज करने में देरी पर नाराजगी जताई।

2 फरवरी को नारियल बाजार स्थित निशांत वर्मा के पुश्तैनी गहना निर्माण कारखाने से करीब 250 ग्राम आभूषण चोरी होने की घटना सामने आई थी। आरोप है कि इस मामले में समय पर सुनवाई न होने पर पीड़ित निशांत वर्मा अधिवक्ताओं के साथ पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे थे। इसके बाद मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बताया जा रहा है कि दालमंडी चौकी पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 11 बजे शाहिल पंजाबी और राजू पंजाबी नामक दो आरोपितों को पकड़ लिया। हालांकि व्यापारियों का आरोप है कि इसके बावजूद थाना स्तर पर मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली की गई, जिससे असंतोष और बढ़ गया।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि उक्त आरोपित पूर्व में भी क्षेत्र के कई आभूषण कारोबारियों, जिनमें विनोद कुमार सेठ, दिग्विजय (चेतना ज्वेलर्स) और बबलू वर्मा (बबलू ज्वेलर्स) शामिल हैं, को निशाना बना चुके हैं। उनका कहना है कि समय पर कड़ी कार्रवाई न होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ता है।

आक्रोशित व्यापारियों और अधिवक्ताओं ने एसीपी दशाश्वमेध व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और विधिक प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।