ट्रैक्टर-ट्रॉली का सरिया कार में घुसा, बाल-बाल बचे HDFC बैंक कर्मी
वाराणसी। चौकाघाट पुलिस लाइन रोड पर वाराणसी ट्रेड सेंटर के सामने गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सरिया लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर के दौरान लोहे का सरिया कार में घुस गया। कार में सवार एचडीएफसी बैंक के कर्मचारी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लंबी सरिया लदी हुई थी। इसी दौरान कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली पर लदा सरिया कार के अगले हिस्से को चीरते हुए अंदर तक पहुंच गया। गनीमत रही कि सरिया चालक या कार में सवार अन्य लोगों को नहीं लगा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक और संबंधित पक्ष मौके पर रुक गए। सूचना मिलने पर आसपास के लोग भी जुट गए। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बाद में दोनों पक्ष चौकाघाट पुलिस चौकी और कैंट थाने पहुंचे, जहां मामले को लेकर तहरीर दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।